हांसी (दिनकर गावड़ी):-उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में जिला सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। हांसी निवासी अशोक कुमार ने सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करवाने और बिजली के तार ठीक करवाने, गांव मुजादपुर के ग्रामीणों ने जोहड़ से अवैध कब्जा हटवाने, हांसी की भाटिया कॉलोनी निवासी कौशल्या ने परिवार पहचान पत्र में दर्ज आय ठीक करवाने, हांसी के विकास नगर निवासी सुभाष ने अविवाहित पेंशन शुरू करवाने, सिसाय निवासी वासुदेव ने राशन कार्ड बनवाने, घिराय निवासी राजरानी ने परिवार पहचान पत्र में दर्ज आय कम करवाने तथा डाटा निवासी पायल ने परिवार पहचान पत्र में शैक्षणिक योग्यता दर्ज करवाने संबंधी शिकायतें रखीं।

नायब तहसीलदार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

3 फुट 4 इंच कद के राजू की शिकायत पर दिखाई संवेदनशीलता

समाधान शिविर के दौरान 3 फुट 4 इंच कद के 62 वर्षीय राजू भी अपनी समस्या लेकर जिला सचिवालय पहुंचे। इस दौरान नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने उनके प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें अपने पास बुलाया और उनकी समस्या सुनी। राजू ने अपनी जमीन पर कब्जे से संबंधित शिकायत उनके समक्ष रखी। इस पर सुरेश कुमार ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिकायत पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा उन्हें उनकी जमीन का कब्जा दिलवाने के लिए संबंधित स्तर पर उचित कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर टीएम सतबीर सिंह, एपीओ जितेंद्र बराड़, एसडीओ प्रमोद कुमार, अमित लोहान, एमिनेंट पर्सन ओमपाल यादव, ग्रीवेंस कमेटी सदस्य वजीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।