हांसी (दिनकर गावड़ी):- हांसी शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं साफ-सुथरा बनाने के उद्देश्य से डीएमसी एवं एडीसी लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर परिषद की टीम द्वारा वार्ड नंबर 4, 13, 15, 22 तथा 23 में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
अभियान के तहत संबंधित वार्डों में साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक स्थानों, गलियों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से सफाई गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया। नगर परिषद का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित हो, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।
डीएमसी एवं एडीसी लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में नगर परिषद द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए निरंतर विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य केवल शहर की सफाई करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना भी है। शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से सफाई गतिविधियों को गति दी जा रही है, ताकि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
नगर परिषद प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकें तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें। इसके साथ ही गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत अपनाएं और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर परिषद का सहयोग करें।
नगर परिषद का लक्ष्य जनसहभागिता के माध्यम से हांसी शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता अभियान निरंतर जारी रहेंगे और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की भागीदारी से इस मुहिम को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
