होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने कहा कि होशियारपुर शहर के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत वार्ड नंबर 19 और वार्ड नंबर 23 में करीब 27 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य करवाए गए हैं, जिससे इन क्षेत्रों के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं।

विधायक ज़िम्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार शहरों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। होशियारपुर में भी विकास कार्य लगातार जारी हैं और आने वाले समय में लोगों की जरूरत के अनुसार अन्य कार्यों को भी पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहली बार होशियारपुर शहर में करीब 12 करोड़ रुपए की लागत से स्ट्रीट लाइटों से संबंधित व्यापक कार्य करवाया गया है। इससे शहर की सड़कों और विभिन्न इलाकों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर हुई है तथा लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिल रही है।

विधायक ने कहा कि शहर के विकास के लिए सड़कें, गलियां, नालियां, स्ट्रीट लाइटें और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उनका उद्देश्य होशियारपुर को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधाजनक शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की रफ्तार को आगे भी इसी तरह जारी रखा जाएगा और लोगों से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

इस मौके पर मेयर परवीन सैनी, सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर कुमार के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।