साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 9 अक्तूबर:- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज विधायक कुलवंत सिंह ने आंसल, सेक्टर-114, मोहाली से वरिष्ठ नागरिक श्रद्धालुओं को खाटूश्याम और सालासर के दर्शन कराने के लिए ले जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हो रहे श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के लिए पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की लोग सराहना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की मांग और उनके उत्साह को देखते हुए इस योजना के तहत यात्रा का सिलसिला लगातार जारी रखा जाएगा। श्रद्धालुओं की संख्या और जरूरत के अनुसार बसों की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को उनके घरों से बसों में बैठाने के साथ-साथ उनके आने-जाने, रहने और खानपान की व्यवस्था भी पंजाब सरकार द्वारा की जाती है।

विधायक ने बताया कि इस योजना के तहत पहले श्रद्धालुओं को श्री अमृतसर साहिब में श्री दरबार साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर, वाघा सीमा और जलियांवाला बाग के दर्शन कराने के लिए ले जाया जा रहा था। अब इसके साथ खाटूश्याम, सालासर, वृंदावन और हरिद्वार जैसे धार्मिक स्थलों के लिए भी बसें रवाना की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि जब श्रद्धालु यात्रा से लौटकर अपने परिवारों और रिश्तेदारों के साथ अपने अनुभव साझा करते हैं, तो अन्य लोगों में भी इस यात्रा के प्रति उत्साह बढ़ता है। इसी कारण योजना के तहत पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है।

विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के लोगों से किए गए वादों और गारंटियों को पूरा करने के साथ-साथ पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए भी काम कर रही है।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह समाना, खुशवीर कौर, सुखविंदर कौर भुल्लर, तरलोचन सिंह तोची (ब्लॉक प्रधान), दलजीत सिंह (प्रधान, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन), भूपिंदर सिंह सैनी (पूर्व प्रधान), पाल सिंह रत्तू (पूर्व उपप्रधान), अमरजीत सिंह सिद्धू, बलजीत सिंह हैप्पी, प्रगट सिंह रायपुर कलां और गगन मोहाली सहित क्षेत्र की अन्य प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं।