ऊना, 18 नवम्बर:- एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और अनुचित इस्तेमाल रोगाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने का प्रमुख कारण बन रहा है। इससे सामान्य संक्रमणों का उपचार भी मुश्किल हो सकता है। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर ने बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के सभागार में विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान दी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सूचना, शिक्षा एवं सम्प्रेषण प्रभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा के दिशानिर्देशानुसार आयोजित यह जागरूकता सप्ताह 18 से 24 नवंबर तक मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला भर के स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
डॉ. विशाल ठाकुर ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन चिकित्सक की सलाह पर ही करना चाहिए। बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं लेना, निर्धारित अवधि से पहले दवा का कोर्स बंद करना और बची हुई दवाओं का दोबारा इस्तेमाल करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे रोगाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित होने की आशंका बढ़ती है और संक्रमण का उपचार कठिन हो जाता है।
उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों से एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग, संक्रमण की रोकथाम और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध की समस्या पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ आम लोगों की जागरूकता और जिम्मेदारी भी जरूरी है। एंटीबायोटिक दवाओं का सही इस्तेमाल वर्तमान और भावी पीढ़ियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी गगरेट डॉ. पंकज पराशर, खंड चिकित्सा अधिकारी अंब डॉ. राहुल कतना, खंड चिकित्सा अधिकारी हरोली डॉ. शिंगारा सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी थानाकलां डॉ. रमेश रत्तु, डब्ल्यूएचओ कंसल्टेंट डॉ. निकेत, जिला स्वास्थ्य चिकित्सक डॉ. चेतन मोदगिल, डॉ. कनिका, डॉ. पूजा, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण तथा बीसीसी समन्वयक कंचन माला सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
