होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पीसीएस अधिकारी मेजर (डॉ.) सुमित मुध ने बुधवार को यहां जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) के रूप में अपना पदभार संभाल लिया।

पंजाब सिविल सेवाओं के 2016 बैच के अधिकारी मेजर (डॉ.) सुमित मुध ने पदभार संभालने के बाद संबंधित शाखाओं के अधिकारियों के साथ बैठक कर नागरिक सेवाओं से संबंधित आवेदनों की लंबित स्थिति आदि का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि कम से कम समय में जनसमस्याओं का समाधान करना, नागरिक सेवाएं समय पर उपलब्ध करवाना तथा जिले में प्रशासनिक कार्यों को और बेहतर ढंग से पूरा करना उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी।

मेजर (डॉ.) सुमित मुध इससे पहले कपूरथला, फगवाड़ा, बाबा बकाला और पठानकोट में एसडीएम के अलावा लुधियाना में ज्वाइंट कमिश्नर तथा होशियारपुर में सहायक कमिश्नर (जनरल) के रूप में सेवाएं निभा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा के लिए जिले में चल रहे विभिन्न प्रोजेक्टों की गति भी तेज की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के भीतर सभी सेवा केंद्रों में सेवाएं उपलब्ध करवाने और प्रशासनिक सुधारों को और मजबूत करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पूरी लगन और पेशेवर तरीके से निभाने के निर्देश दिए।