चंडीगढ़, 22 नवंबर:- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने रविवार को गुरुग्राम के बादशाहपुर में महर्षि कश्यप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि महान व्यक्तित्वों की प्रतिमाएं केवल हमारी आस्था और श्रद्धा का प्रतीक ही नहीं होतीं, बल्कि उनकी शिक्षाओं, आदर्शों और जीवन मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम भी होती हैं। महर्षि कश्यप का भारतीय संस्कृति और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी प्रतिमा की स्थापना से क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को और मजबूती मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि महर्षि कश्यप के जीवन और उनके आदर्शों से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके विचार हमें समाज में आपसी सद्भाव, एकता, समरसता और सेवा भावना को मजबूत करने का संदेश देते हैं। हमें महान व्यक्तित्वों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य भी करते हैं।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि बादशाहपुर क्षेत्र और हरियाणा की जनता ने जिस विश्वास और विकास की उम्मीद के साथ मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर दिया है, सरकार उन उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। विभिन्न विभागों के माध्यम से कई विकास कार्य चल रहे हैं। इन कार्यों को गति देने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने लगभग 23 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

इनमें तालाब से कबड्डी स्टेडियम तक फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी की व्यवस्था सहित सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य भी शामिल हैं। इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और सड़कों, सीवरेज तथा जल निकासी से जुड़ी सुविधाओं में सुधार होगा।