करनाल:- रेलवे रोड स्थित रामलीला भवन में श्री रामायण पाठक सभा की ओर से आयोजित भव्य रामलीला महोत्सव में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने विधायक जगमोहन आनंद के साथ प्रभु श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। महोत्सव में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का वातावरण रहा।

इस अवसर पर महापौर ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, सत्य, धर्म, कर्तव्य और मर्यादा का ऐसा आदर्श प्रस्तुत करता है, जो हर युग में समाज का मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध सनातन परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। भगवान श्रीराम का चरित्र हमें सिखाता है कि जीवन में परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए। उनके आदर्श परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के जीवन से हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, त्याग, सेवा और बड़ों के सम्मान की सीख मिलती है। आज के समय में इन मूल्यों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने श्री रामायण पाठक सभा की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने भी प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, न्याय, त्याग और जनकल्याण का प्रतीक है। रामायण में निहित शिक्षाएं व्यक्ति को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और समाज में प्रेम एवं सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि रामलीला महोत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय माध्यम है।

कार्यक्रम में श्री रामायण पाठक सभा के अध्यक्ष रमेश गुप्ता, प्रधान पंकज गोयल एवं सारिका, पूर्व चेयरपर्सन मेघा भंडारी, पार्षद संकल्प भंडारी, श्री कृष्ण गौशाला के प्रधान सुनील गोयल, खाटू श्याम मंदिर के प्रधान देशराज गुप्ता, एसके गोयल, योगेश गोयल, गोकर्ण समिति से दिनेश, संजीव बजाज, सुनील गुप्ता सहित सभा के सदस्य एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।


सभी की सुख-समृद्धि की कामना

महापौर ने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और संस्कारों की ज्योति सदैव प्रज्वलित रहनी चाहिए।