चंडीगढ़, 4 अक्तूबर (हरमिंदर सिंह नागपाल):- पंजाब में लगातार हो रही हत्याओं, गोलीबारी, फिरौती की कॉल और आपराधिक घटनाओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अकाली दल (वारिस पंजाब) के वरिष्ठ नेता और हलका दाखा से विधायक मनप्रीत सिंह इयाली ने इन घटनाओं को लेकर पंजाब सरकार को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है और सरकार सरकारी विज्ञापनों के जरिए अपनी नाकामियां छिपाने में मगन है।
विधायक इयाली ने कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले इस हद तक बढ़ गए हैं कि लोगों को दिन-दहाड़े अपनी जान की सुरक्षा का डर सताने लगा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में अमृतसर में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों द्वारा की गई हत्या, लुधियाना में नहर के पास पूर्व सरपंच को गोलियां मारकर हत्या करने और हलका दाखा के गांव खंजरवाल में आपसी रंजिश के कारण युवक को गोलियां मारकर मौत के घाट उतारने की घटनाओं ने राज्य की अमन-कानून व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी है।
इयाली ने कहा कि पंजाब का आम नागरिक अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है, जबकि सरकार लोगों की जान-माल की रक्षा करने के बजाय अपनी राजनीतिक नाकामियों और खामियों को छिपाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर नजर आ रहा है।
उन्होंने पंजाब पुलिस से मांग की कि वह किसी भी राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच करे और हत्याओं तथा गोलीकांडों के वास्तविक आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इयाली ने कहा कि राज्य में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सरकार को सख्त और ठोस कदम उठाने की जरूरत है, अन्यथा लोगों का सरकार और प्रशासन से विश्वास और कमजोर होगा।
