करनाल, 17 नवंबर (प्रवीण वालिया):- इजराइल के प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एवं सब्जी उत्पादन (माशाव) विशेषज्ञ डेनियन हदद तथा नई दिल्ली स्थित इजराइल दूतावास में कृषि अताशे एवं अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एजेंसी (माशाव) के प्रतिनिधि उरी रुबिनस्टीन ने मंगलवार को करनाल स्थित महाराणा प्रताप हॉर्टिकल्चरल यूनिवर्सिटी के कुलपति एवं भारत सरकार के कृषि मंत्रालय तथा बागवानी विभाग के पूर्व कमिश्नर प्रो. सुरेश मल्होत्रा से मुलाकात की।
इजराइली विशेषज्ञों ने कुलपति प्रो. सुरेश मल्होत्रा के नेतृत्व में कम संसाधनों से अधिक गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए किए जा रहे अनुसंधानों और कृषि क्षेत्र में पहुंचाए जा रहे नवाचारों की सराहना की। इजराइली प्रतिनिधियों ने एमएचयू के साथ मिलकर शोध कार्य करने की इच्छा जताई।
कुलपति प्रो. सुरेश मल्होत्रा ने इजराइल से आए प्रतिनिधियों को एमएचयू द्वारा कम समय में हासिल की गई उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एमएचयू लगातार नई तकनीकों को किसानों तक पहुंचा रहा है। साथ ही, किसान भाइयों को नवाचारों के साथ खेती को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
कुलपति प्रो. सुरेश मल्होत्रा ने बताया कि इंडो-इजराइल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अनुसंधान की आवश्यकताओं को उद्यानिकी विश्वविद्यालय पूरा करेगा।
