ऊना, 9 अक्टूबर:- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना द्वारा अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर विकास खंड अंब के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, धर्मशाल महंतां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने विशेष रूप से शिरकत की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बालिकाओं के कानूनी अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा निःशुल्क कानूनी सहायता की उपलब्धता के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को बालिकाओं के अधिकारों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के शोषण अथवा साइबर अपराध की स्थिति में उचित कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
सचिव शिखा लखनपाल ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए बालिकाओं को समान अवसर प्रदान करना तथा उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही, बालिकाओं के सम्मान, समानता, सुरक्षित वातावरण और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
