अंबाला, 7 नवंबर (आर. सिंह):- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने उन मतदाताओं को एक और अवसर देने का निर्णय लिया है, जिन्हें गणना फॉर्म जारी किए गए थे, लेकिन अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट (ASDD) के रूप में चिह्नित किए जाने अथवा गणना फॉर्म प्राप्त न होने के कारण प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया था। इसका उद्देश्य हरियाणा सहित सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत ऐसे मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करना है।

उन्होंने कहा कि ऐसे सभी मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्डों, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकायों के कार्यालयों तथा खंड विकास अधिकारियों, पंचायत अधिकारियों और शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा, ये सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर पीडीएफ प्रारूप में भी उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिनमें नाम छूटने के संभावित कारणों का उल्लेख होगा।

उन्होंने आगे बताया कि ऐसे सभी मतदाता अपने वर्तमान निवास स्थान पर निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO)/सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO) के पास पूरी तरह भरा हुआ गणना फॉर्म जमा करवा सकते हैं। मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ESINET ऐप से अपने पुराने EPIC नंबर का उपयोग करके गणना फॉर्म डाउनलोड कर उसे भर सकते हैं।

यदि मतदाता उसी पते पर रह रहा है और उसने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, तो वह भरा हुआ एवं हस्ताक्षरित गणना फॉर्म और निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक B) जमा करवा सकता है। इस फॉर्म में पहले गणना फॉर्म जमा न करवाने का कारण बताना होगा। यह फॉर्म संबंधित ERO/AERO/BLO को व्यक्तिगत रूप से या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से जमा करवाया जा सकता है। ESINET पर ई-हस्ताक्षर के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म जमा करवाने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

यदि कोई मतदाता हरियाणा के भीतर ही किसी अन्य स्थान पर चला गया है, तो उसे फॉर्म-8 जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं को अपने नए पते और विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए गणना फॉर्म के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक C) तथा निवास प्रमाण जमा करवाना होगा। ये दस्तावेज वर्तमान विधानसभा क्षेत्र के AERO के पास जमा करवाए जा सकते हैं। मतदाता नए मतदान केंद्र के BLO से भी सहायता ले सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट/ESINET ऐप पर उपलब्ध 'BLO के साथ कॉल बुक करें' सुविधा का उपयोग किया जा सकता है। यदि बेघर व्यक्तियों के पास निवास प्रमाण से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं है, तो BLO की क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट पर्याप्त होगी।

जिन मतदाताओं ने SIR के दौरान नए पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 पहले ही जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना फॉर्म और घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राप्त गणना फॉर्म और संबंधित घोषणा पत्रों का सत्यापन एवं प्रक्रिया निर्वाचन पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार AERO द्वारा की जाएगी। पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे और उन्हें SIR के दौरान आवंटित EPIC नंबर दोबारा आवंटित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ने संबंधित जिला अधिकारियों को सूचित किया है कि गणना फॉर्म और घोषणा पत्रों का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। ERO/AERO और BLO को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे आयोग के निर्देशों का तुरंत पालन सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस अवसर से वंचित न रहे। उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी इस प्रयास में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाला कोई भी योग्य मतदाता अंतिम मतदाता सूची में शामिल होने के अवसर से वंचित न रहे।