चंडीगढ़, 26 अक्टूबर:- हरियाणा में निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने और देश-विदेश के निवेशकों को राज्य में उपलब्ध कारोबारी अवसरों से अवगत कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 27 और 28 अक्टूबर, 2026 को गुजरात के सूरत और गांधीनगर का दौरा करेगा। इस दौरान निवेशकों के साथ सीधी बातचीत, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें और हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो के माध्यम से राज्य की औद्योगिक एवं आर्थिक संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा तथा निवेशकों को हरियाणा में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहेंगे।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 अक्टूबर को सूरत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी निवेशकों के साथ आमने-सामने बैठकें करेंगे। इन बैठकों में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विस्तार और हरियाणा में कारोबार स्थापित करने से जुड़े अवसरों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद प्रवासी मिलनी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधियों और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद होगा। कार्यक्रम में हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और औद्योगिक संभावनाओं को निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
गांधीनगर में हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो
डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि 28 अक्टूबर को गांधीनगर में हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख उद्योगपति, निवेशक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस रोडशो का उद्देश्य उद्योग जगत को हरियाणा में निवेश की व्यापक संभावनाओं से अवगत कराना, निवेशकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और राज्य में नए औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा में उपलब्ध औद्योगिक ढांचे, निवेश के अनुकूल नीतिगत वातावरण, मजबूत कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद कारोबारी अवसरों को रेखांकित किया जाएगा। इसके साथ ही उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ निवेश प्रस्तावों, संभावित परियोजनाओं और कारोबारी साझेदारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा तथा निवेश से संबंधित समझौता ज्ञापनों की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
‘मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026’ से निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने, विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत बनाने और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से ‘मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026’ लागू की है। राज्य सरकार का लक्ष्य इन नीतिगत पहलों के माध्यम से वर्ष 2030-31 तक लगभग 5 लाख करोड़ रुपये का नया निवेश आकर्षित करना और 10 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है। इससे हरियाणा में औद्योगिक विस्तार, तकनीकी नवाचार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि सूरत और गांधीनगर का यह दौरा हरियाणा की औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर है। हरियाणा सरकार की यह पहल राज्य को देश के प्रमुख निवेश स्थलों में और मजबूत बनाने, घरेलू एवं वैश्विक निवेशकों का विश्वास बढ़ाने तथा उद्योगों के विस्तार के लिए अनुकूल अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल से राज्य में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, मौजूदा उद्योगों के विस्तार, रोजगार के नए अवसरों के सृजन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
