हांसी (दिनकर गावड़ी):- हांसी जिले में पहली बार आयोजित होने जा रहे जिला स्तरीय युवा महोत्सव को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सीटीएम हिमांशु चौहान ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीटीएम हिमांशु चौहान ने कहा कि हांसी जिले का यह पहला युवा महोत्सव है, इसलिए इसका आयोजन उत्साहपूर्ण, व्यवस्थित और भव्य तरीके से किया जाएगा। युवा महोत्सव का आयोजन 19 और 20 नवंबर को एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में किया जाएगा। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाना तथा कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि युवा महोत्सव का शुभारंभ विधायक विनोद भयाना करेंगे, जबकि समापन समारोह में उपायुक्त राहुल नरवाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
सीटीएम ने बताया कि इस युवा महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। इसके लिए हांसी जिले का कोई भी पात्र युवा 16 नवंबर तक माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाकर इस अवसर का लाभ उठाएं और अपनी प्रतिभा को जिला स्तर पर प्रदर्शित करें।
उन्होंने बताया कि युवा महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में कविता लेखन तथा वाद्य यंत्रों से संबंधित प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी कला, सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक सोच प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
सीटीएम हिमांशु चौहान ने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 4100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 3100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं के आयोजन, प्रतिभागियों की सुविधा, सभागार की व्यवस्था, बैठने, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य करें।
उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं। युवाओं की प्रतिभा को सही मंच और प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है। जिला स्तरीय युवा महोत्सव युवाओं को अपनी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा निखारने के साथ-साथ अन्य प्रतिभाशाली युवाओं से सीखने का अवसर भी प्रदान करेगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि हांसी का पहला युवा महोत्सव सफलतापूर्वक आयोजित हो और इसमें जिले के अधिक से अधिक युवा उत्साहपूर्वक भागीदारी करें।
