हांसी (दिनकर गावड़ी):- हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट ट्रेड रजिस्टर्ड की बैठक शनिवार को हांसी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष आरपी वशिष्ठ तथा प्रदेश प्रवक्ता एवं हिसार जिला अध्यक्ष बंसीलाल बासनीवाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट ट्रेड रजिस्टर्ड की हांसी जिला इकाई का गठन किया गया। इसमें पत्रकार संदीप रामायण को सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जिला कार्यकारिणी के गठन के तहत ललित भारद्वाज को जिला उपप्रधान, नवीन शर्मा को जिला सचिव, अनिल चौहान को कोषाध्यक्ष, नरेंद्र शर्मा को सह जिला सचिव तथा अंकित मलिक को प्रेस सचिव नियुक्त किया गया। इसके अलावा केशव धमीजा, अनुराग सिंह, नरेश उमरा, कृष्ण माजरा, जसविंद्र जस्सी और महेंद्र शर्मा को जिला इकाई में सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, दिनकर गावड़ी और जीतेश सचदेवा को यूनियन का सदस्य बनाया गया।

बैठक में पत्रकारों की एकजुटता, संगठन की मजबूती और पत्रकारों के हितों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष संदीप रामायण ने संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी के लिए प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि हांसी जिला इकाई पत्रकारों के बीच आपसी तालमेल और एकजुटता बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेगी।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम पत्रकारों के हितों के लिए सक्रियता से काम करेगी। नव नियुक्त जिला अध्यक्ष संदीप रामायण ने कहा कि हांसी जिला इकाई का विस्तार करते हुए जल्द ही नारनौंद के पत्रकारों को भी जिला इकाई में शामिल किया जाएगा।