चंडीगढ़, 4 अक्तूबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने सिंगापुर दौरे के दौरान गुरुग्राम में 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जाने वाले प्रस्तावित विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर से जुड़ी व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सिंगापुर स्थित प्रसिद्ध ‘सनटेक सिटी’ में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने वहां संचालित कन्वेंशन सेंटर की सुविधाओं, निर्माण तकनीक, आधुनिक इंजीनियरिंग और प्रबंधन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे के दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के निदेशक श्री यश गर्ग, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया और एच.एस.आई.आई.डी.सी. के प्रबंध निदेशक श्री विनय प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा सिंगापुर की सनटेक सिटी की तर्ज पर गुरुग्राम में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा। सिंगापुर की सनटेक सिटी में विकसित कन्वेंशन सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण इस परियोजना के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सर्वोत्तम व्यवस्थाओं को समझने के दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण है। गुरुग्राम में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर को अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक इंजीनियरिंग से लैस किया जाएगा, ताकि यहां बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, व्यावसायिक बैठकें, प्रदर्शनियां और वैश्विक स्तर के अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर के निर्माण से गुरुग्राम की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी और राज्य में निवेश तथा कारोबारी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसका सकारात्मक प्रभाव हरियाणा की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ मानेसर में विकसित होगा बड़ा और सुंदर पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार मानेसर में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित करने के साथ-साथ एक बड़े और सुंदर पार्क का भी निर्माण करेगी। इससे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ हरियाली और खुला वातावरण उपलब्ध होगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर के ‘गार्डन्स बाय द बे’ में पर्यावरण संरक्षण, पौधों की विभिन्न प्रजातियों के संरक्षण और जल प्रबंधन की उन्नत तकनीकों से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने बाग में मौजूद पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं, विशेषकर पानी की आपूर्ति और संरक्षण से जुड़े उपायों को नजदीक से देखा और उनकी जानकारी ली।
‘गार्डन्स बाय द बे’ में मौजूद भारतीय और विदेशी पर्यटकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। कई परिवारों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने विदेशी पर्यटकों से भी सहज और आत्मीय भाव से मुलाकात की तथा उनसे बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शहरी नियोजन, कन्वेंशन सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सर्वोत्तम प्रथाओं को समझने के दृष्टिकोण से सिंगापुर के कन्वेंशन सेंटर का दौरा बहुत महत्वपूर्ण रहा है। इन अनुभवों को हरियाणा में लागू करके राज्य को और अधिक विकसित, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
