करनाल, 26 सितंबर:- पुरुष फ्री-स्टाइल कुश्ती के 92 किलोग्राम भार वर्ग में सीआईएसएफ के तरुण कुमार ने बीएसएफ के विनय को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, 57 किलोग्राम भार वर्ग में सीआईएसएफ के मनोज पाल और कर्नाटक पुलिस के प्रशांत के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। महिला कुश्ती प्रतियोगिता के 62 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस की पुष्पा यादव ने एसएसबी की एन. चानू को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी प्रकार, 57 किलोग्राम भार वर्ग में बीएसएफ की मंजू ने एसएसबी की नीतू को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।


बॉक्सिंग में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

महिला बॉक्सिंग के 51-54 किलोग्राम भार वर्ग में बीएसएफ की लक्ष्मी ने महाराष्ट्र की पूजा राजन को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। इसी प्रकार, 54-57 किलोग्राम भार वर्ग में असम की निशा दास ने मेघालय की पेंजनाई को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। पुरुष बॉक्सिंग के 55-60 किलोग्राम भार वर्ग में एसएलबी के हर्षदीप ने पंजाब पुलिस के पंकज सैनी को पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। वहीं, 50-55 किलोग्राम भार वर्ग में सीआईएसएफ के जितेंद्र चौधरी ने बीएसएफ के ललित को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।


आर्म-रेसलिंग में खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक

आर्म-रेसलिंग प्रतियोगिता के 90 किलोग्राम भार वर्ग में मेघालय पुलिस के एलन सुन ने पंजाब पुलिस के गुरलाल सिंह को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, 110 किलोग्राम भार वर्ग में पंजाब पुलिस के सुखदर्शन पाल ने तमिलनाडु पुलिस के अजय को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस भार वर्ग में हरियाणा पुलिस के वीपन ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला आर्म-रेसलिंग के 90 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस की दीपा ने तमिलनाडु पुलिस की वी. सोम्या को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।


बॉडीबिल्डिंग में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार शारीरिक दमखम

पुरुष बॉडीबिल्डिंग के 70 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस के मोहित कुमार ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इसी वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस के अमित पंवार ने रजत पदक तथा उत्तराखंड पुलिस के जितेंद्र कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता के 60 किलोग्राम भार वर्ग में असम पुलिस की रिंकू मोनी ने स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र पुलिस की सुनैना डोंगरे ने रजत पदक तथा महाराष्ट्र पुलिस की स्नेहा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।


अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

प्रतियोगिता के दौरान खेल परिसर में खिलाड़ियों का उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था। विभिन्न खेलों के रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और पूरे परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। इस अवसर पर श्री हामिद अख्तर, भा.पु.से., महानिरीक्षक एवं सह आयोजन सचिव, श्री सुरेन्द्र सिंह भौरिया, भा.पु.से., आदेशक, पंचम वाहिनी, हरियाणा सशस्त्र पुलिस, मधुबन; श्रीमती भारती डबास, ह.पु.से., आदेशक, चतुर्थ वाहिनी, हरियाणा सशस्त्र पुलिस, मधुबन; उप पुलिस अधीक्षक शमशेर सिंह, चतुर्थ वाहिनी; उप पुलिस अधीक्षक जसवंत सिंह, चतुर्थ वाहिनी; उप पुलिस अधीक्षक हरप्रीत सिंह, पंचम वाहिनी, सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।