चंडीगढ़, 17 नवंबर 2026 (हरमिंदर नागपाल):- भारतीय पिच एंड पुट एसोसिएशन (आईपीपीए) के तत्वावधान में आयोजित पहला ‘इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पुट ओपन’ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की उत्साहजनक भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 14 देशों के कुल 64 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
पुरुष वर्ग में स्पेन (कैटालोनिया) के अलेक्जेंडर एल्बिनयाना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि भारत के आदित्य गुप्ता दूसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में नीदरलैंड की किम कुइजस्टर्स चैंपियन बनीं, जबकि यूक्रेन की एल्विरा रासर्वोर्त्सेवा ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।
दिग्गजों की मौजूदगी ने आयोजन का मान बढ़ाया
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं आईपीपीए के ग्लोबल एंबेसडर हरभजन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय पिच एंड पुट फेडरेशन (एफआईपीपीए) के उपाध्यक्ष एलन हैनलॉन और बोर्ड सदस्य जॉन मैनिंग भी पूरे आयोजन के दौरान मौजूद रहे। इस टूर्नामेंट को भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
आईपीपीए को एफआईपीपीए की पूर्ण सदस्यता मिली
टूर्नामेंट के दौरान भारतीय पिच एंड पुट जगत के लिए एक ऐतिहासिक घोषणा की गई। अंतरराष्ट्रीय पिच एंड पुट फेडरेशन (एफआईपीपीए) ने आईपीपीए को अपनी पूर्ण सदस्यता प्रदान कर दी है। इस मान्यता के बाद भारत को वैश्विक स्तर पर औपचारिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय खेल नीतियों तथा भविष्य की रणनीतियों में भारत की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी। आईपीपीए के संस्थापक अध्यक्ष मुनीश अरोड़ा के नेतृत्व में इसे संगठन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन और 2027 टूर्नामेंट की घोषणा
प्रतियोगिता के साथ-साथ एक अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न देशों के पिच एंड पुट संघों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में खेल को जमीनी स्तर तक पहुंचाने, युवाओं को इससे जोड़ने और राष्ट्रीय संघों को सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसी मंच से अगले ‘इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पुट ओपन’ की तारीखों की भी घोषणा की गई। टूर्नामेंट का दूसरा संस्करण 25 से 28 नवंबर 2027 तक आयोजित किया जाएगा।
आयोजन के समापन पर आईपीपीए के संस्थापक अध्यक्ष मुनीश अरोड़ा, चेयरमैन एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी सतीश शर्मा और चीफ पैट्रन पुनीत सिंह ने कहा कि पहले ही अंतरराष्ट्रीय आयोजन की सफलता भारत में पिच एंड पुट के वैश्विक विस्तार और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
