होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर जिला होशियारपुर में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) और वीवीपैट (वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया 12 नवंबर से जिला ईवीएम वेयरहाउस होशियारपुर में शुरू हो गई है।

इस संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त (जी)-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी मेजर (डॉ.) सुमित मुध ने बताया कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और मानकों के अनुसार की जा रही है। इस प्रक्रिया के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहते हैं, ताकि जांच की प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जा सके।

उन्होंने बताया कि एफएलसी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जा रही है और लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से भी इसकी निगरानी की जा रही है। इसके लिए जिला मुख्यालय और मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के कार्यालय में भी लाइव वेबकास्टिंग की फीड उपलब्ध करवाई गई है।

मेजर (डॉ.) सुमित मुध ने कहा कि विधानसभा चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

इस अवसर पर इंडियन नेशनल कांग्रेस की ओर से रजनीश टंडन, आम आदमी पार्टी की ओर से खुशी राम धीमान, भाजपा की ओर से भूषण कुमार शर्मा, सीपीआई (एम) की ओर से गुरमेश सिंह, तहसीलदार चुनाव रामनदीप कौर और चुनाव कानूनगो लखबीर सिंह भी मौजूद थे।