हांसी (दिनकर गावड़ी):- मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से हांसी विधानसभा क्षेत्र में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। एसडी महिला महाविद्यालय, हांसी में आयोजित इस कार्यक्रम में एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी राजेश खोथ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

एसडीएम राजेश खोथ ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की सफलता केवल चुनाव करवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय होना भी आवश्यक है। मतदान प्रत्येक पात्र नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार होने के साथ-साथ एक बड़ी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में एसडी महिला महाविद्यालय की आस्था शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रतियोगिता में जीएमएसएसएस स्कूल की छोटी ने दूसरा, पीएम श्री जीएसएस स्कूल पुठी मंगल खां की नैन्सी ने तीसरा, एसएलएसजीजीएस स्कूल की पूनम ने चौथा तथा इसी विद्यालय की चाहत ने पांचवां स्थान हासिल किया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पीएम श्री जीएसएस स्कूल पुठी मंगल खां के सचिन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की अंजली ने दूसरा स्थान हासिल किया। एसएलएसजीजीएस स्कूल के मनुज ने तीसरा, इसी विद्यालय की भतेरी ने चौथा स्थान प्राप्त किया। एसडी महिला महाविद्यालय की परी ने पांचवां, इसी महाविद्यालय की आस्था शर्मा ने छठा तथा जीएमएसएसएस स्कूल के गोपाल ने सातवां स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर तहसीलदार अनिल कुमार बिढान, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोरखी, भाजपा नेता सोनू जांगड़ा, चुनाव कानूनगो मुकेश बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।