करनाल (प्रवीण वालिया):- नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘कर्ण उत्सव’ में जेनेसिस क्लासेस के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं जेनेसिस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के संस्थापक जितेंद्र सिंह अहलावत को प्रतिष्ठित ‘जेम्स ऑफ करनाल’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। करनाल के डॉ. मंगलसेन ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण और करनाल के विधायक श्री जगमोहन आनंद ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में निरंतर किए जा रहे प्रयासों के लिए दिया गया। 13 से 15 नवंबर तक आयोजित ‘कर्ण उत्सव’ का उद्देश्य दानवीर कर्ण और करनाल की गौरवशाली विरासत, कला, संस्कृति एवं इतिहास को एक मंच पर प्रस्तुत करना है। तीन दिवसीय इस आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, कलाकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

जितेंद्र सिंह अहलावत के नेतृत्व में जेनेसिस ग्रुप शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। स्कूली शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को नीट, जेईई, एनडीए, सीयूईटी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में समूह लगातार कार्य कर रहा है।

‘जेम्स ऑफ करनाल’ सम्मान जेनेसिस ग्रुप परिवार के लिए गर्व का क्षण है और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता तथा समर्पण के प्रयासों को मिली एक महत्वपूर्ण पहचान है।