हांसी (दिनकर गावड़ी):- हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वाहन में अचानक आग लगने या धुआं उठने की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और समझदारी से काम लें। ऐसी आपात स्थिति में हर सेकंड कीमती होता है। समय रहते उठाया गया सही कदम गाड़ी में सवार लोगों की जान बचा सकता है।

एसपी ने बताया कि यदि चलती गाड़ी में आग लगने का आभास हो या जलने की गंध आए तो सबसे पहले वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर इंजन बंद कर दें। सभी सवारियां सीट बेल्ट खोलकर तुरंत बाहर निकलें। यदि दरवाजा लॉक होने या किसी कारण से नहीं खुल रहा है तो खिड़की से बाहर निकलने का प्रयास करें। पावर विंडो काम नहीं करने की स्थिति में साइड का शीशा तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश करें।

गाड़ी का शीशा तोड़ने के लिए अपनाएं ये तरीके:

  1. शीशा तोड़ने वाला सुरक्षा उपकरण रखें: वाहन में आपातकालीन शीशा तोड़ने वाला विशेष सुरक्षा उपकरण जरूर रखें। दरवाजा न खुलने की स्थिति में इससे साइड की खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकलने में मदद मिल सकती है। इसके लिए साइड विंडो के कोने के पास निर्धारित तरीके से प्रहार किया जाता है।
  2. सीट के हेडरेस्ट की लोहे की रॉड भी आ सकती है काम: गाड़ी की सीट के सिर के पीछे लगे हिस्से को हेडरेस्ट कहते हैं। कई गाड़ियों में यह दो लोहे की रॉड से जुड़ा होता है। यदि गाड़ी में विशेष सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं है और हेडरेस्ट आसानी से निकल सकता है तो उसकी रॉड को आपात स्थिति में वैकल्पिक उपाय के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, यह तरीका सभी गाड़ियों में कारगर नहीं होता।
  3. आगे का शीशा तोड़ने से बचें: गाड़ी का आगे वाला शीशा मजबूत लैमिनेटेड ग्लास से बना होता है, जिसे तोड़ना मुश्किल होता है। इसलिए बाहर निकलने के लिए साइड या पीछे की खिड़की को प्राथमिकता दें।
  4. बच्चों और बुजुर्गों को पहले निकालें: गाड़ी से बाहर निकलते समय बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद करें।

गाड़ी से बाहर निकलने के बाद बरतें ये सावधानियां:

  • गाड़ी से कम से कम 30 मीटर की सुरक्षित दूरी पर चले जाएं।
  • किसी भी परिस्थिति में सामान लेने के लिए दोबारा गाड़ी के पास न जाएं।
  • आग लगने की सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दें।
  • आग बुझाने का प्रयास तभी करें, जब ऐसा करना पूरी तरह सुरक्षित हो।

एसपी हांसी ने वाहन चालकों को दिए जरूरी सुरक्षा सुझाव:

  • अपनी गाड़ी में शीशा तोड़ने वाला विशेष सुरक्षा उपकरण और आग बुझाने वाला यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) रखें।
  • वाहन की नियमित सर्विसिंग करवाएं और अनधिकृत या नकली वायरिंग लगवाने से बचें।
  • गाड़ी से धुआं निकलने या जलने की गंध आने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर रोककर सभी सवारियों को बाहर निकालें।
  • समय-समय पर वाहन में रखे सुरक्षा उपकरणों की जांच करें और परिवार के सदस्यों को उनके इस्तेमाल की जानकारी दें।

आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर:

  • पुलिस सहायता: 112
  • फायर ब्रिगेड: 101
  • एम्बुलेंस: 108

पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहें। वाहन में जरूरी सुरक्षा उपकरण रखना और उनका इस्तेमाल करना जानना बेहद जरूरी है। आपकी थोड़ी सी सतर्कता किसी बड़े हादसे को टाल सकती है।