मूनक/संगरूर, 4 अक्तूबर:- डॉ. रवजोत ग्रेवाल, आईपीएस, एसएसपी संगरूर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस द्वारा चलाई जा रही "नशों के खिलाफ जंग" और "गांवों के पहरेदार" मुहिम के तहत सब डिवीजन मूनक पुलिस द्वारा 28 सितंबर 2026 से 4 अक्तूबर 2026 तक विशेष कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 3 मुकदमे दर्ज करके 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 20 नशीली गोलियां, 8 किलो भुक्की चूरा पोस्त और 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। इसके अलावा धारा 27 एनडीपीएस के तहत 2 मुकदमे दर्ज करके 2 व्यक्तियों को इलाज के लिए नशा छुड़ाओ केंद्र में दाखिल करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के 72 चालान किए गए हैं। इलाके में अमन-कानून बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करते हुए 52 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएसएस के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
जिला पुलिस प्रमुख संगरूर ने आम जनता से नशा विरोधी मुहिम में पुलिस का सहयोग देने की अपील की। उन्होंने बताया कि नशों के बुरे प्रभावों से युवाओं को बचाने के लिए गांवों की पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और प्रमुख व्यक्तियों के साथ बैठकें करके आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि नशे के कोढ़ को जड़ से खत्म किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का कारोबार करने वालों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ पुलिस की जंग निरंतर जारी रहेगी।
