हांसी (दिनकर गावड़ी): हांसी को जिला बनाने के बाद प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करवाने की दिशा में निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विधायक विनोद भयाना ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी संदीप भारद्वाज तथा जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह को सम्मानपूर्वक कार्यालय में बैठाकर जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं के विस्तार की दिशा में नई शुरुआत की।


विधायक विनोद भयाना ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय परिसर में 56 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉन्फ्रेंस हॉल का भी उद्घाटन किया। इस कॉन्फ्रेंस हॉल में एक साथ करीब 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यहां बड़ी एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, बैकड्रॉप पट्टिका, एयर कंडीशनिंग तथा ओपन फॉल्स सीलिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। इस सुविधा के शुरू होने से विकास एवं पंचायत विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन के अन्य विभागों को भी बैठकों, समीक्षा कार्यक्रमों तथा महत्वपूर्ण प्रशासनिक गतिविधियों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ब्लॉक समिति अध्यक्ष कार्यालय का भी उद्घाटन किया गया।


इस अवसर पर विधायक ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शेड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके अलावा एसएलएस विद्यालय में 10 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण तथा राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 9 लाख रुपये की लागत से एआई-ड्रोन लैब स्थापित करने के कार्य की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विद्यार्थियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक से जुड़ी शिक्षा के अवसर भी उपलब्ध करवाएगा।


विधायक विनोद भयाना ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के अनुरूप हांसी मॉडल जिला बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले में लगभग सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के कार्यालय स्थापित हो चुके हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में सुविधा होगी और नागरिकों को विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी। उन्होंने बताया कि शहर के सेक्टर-5 में साढ़े सात एकड़ भूमि पर जिला सचिवालय भवन निर्माण का प्रस्ताव सरकार को भेजा जा चुका है। इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है, जिससे जिले का प्रशासनिक ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा।


उन्होंने बताया कि आमटी झील के सौंदर्यीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और जल्द ही इस परियोजना पर काम शुरू होगा। पुरानी कचहरी की भूमि पर करीब 250 लोगों की बैठने की क्षमता वाले मल्टीपरपज हॉल का निर्माण कार्य भी जारी है। इसके अलावा शहीद स्टेडियम में ऑडिटोरियम निर्माण की योजना बनाई गई है। हांसी में स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव भी चीफ आर्किटेक्ट के पास भेजा गया है। विधायक ने कहा कि शहर और जिले के विकास से जुड़ी अन्य परियोजनाओं के प्रस्ताव भी सरकार के पास भेजे गए हैं तथा इनके स्वीकृत होने पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।


उन्होंने हांसी शहर में भाखड़ा का पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाने के लिए चल रही परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस कार्य को फिर से गति दी जाएगी। पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की पैमाइश का कार्य करवाया जा रहा है। पैमाइश पूरी होते ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।


विधायक ने बताया कि हांसी जिले की पहली वर्षगांठ 16 दिसंबर को मनाई जाएगी। इस अवसर पर एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिले की वर्षगांठ को उत्साहपूर्वक मनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।


उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक समिति अध्यक्ष शीला यादव ने विधायक विनोद भयाना का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर बीडीपीओ अशोक मेहरा, मार्केट कमेटी अध्यक्ष दिनेश धवन, एसडीओ मानसिंह, विनोद सैनी, प्रधान रविंद्र अत्री, विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, सोनू जांगरा, श्याम खांडा, धर्मेंद्र सनसनवाल, सरपंच सतपाल डाटा, अरविंद कटारिया, संदीप बूरा, संजीव कंबोज, सुरेंद्र सिंह सहित शिक्षा तथा विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारी, विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि तथा पार्टी पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।