होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा):- आगामी विधानसभा चुनावों और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जालंधर रेंज के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीआईजी) नवीन सिंगला ने आज यहां रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तथा हिमाचल प्रदेश के होशियारपुर से सटे जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आने वाले दिनों में सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

स्थानीय पुलिस लाइन्स में होशियारपुर जिले से सटे हिमाचल प्रदेश के जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और रेंज के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक के दौरान डीआईजी नवीन सिंगला ने दोनों राज्यों के सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा प्रबंध और पुख्ता करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय नाकों पर पहले से अधिक सतर्कता बरती जाए और पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के होशियारपुर से लगते जिलों के पुलिस अधिकारियों का होशियारपुर पुलिस के साथ लगातार तालमेल रहना चाहिए, ताकि महत्वपूर्ण जानकारियां तुरंत और समय पर साझा की जा सकें।

डीआईजी नवीन सिंगला ने पुलिस अधिकारियों को पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर स्थित अंतरराज्यीय नाकों की नियमित जांच करने तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन नाकों पर सीसीटीवी कैमरों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा सके।

दोनों राज्यों के बीच आवागमन के दौरान समय-समय पर जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए डीआईजी ने दोनों ओर के पुलिस अधिकारियों को नाकों का संयुक्त दौरा करने और आने वाले समय के लिए आवश्यक सुरक्षा निर्देश जारी करने को कहा। उन्होंने पड़ोसी राज्य के जिलों के पुलिस अधिकारियों से आगामी चुनावों के मद्देनजर लगातार संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया, ताकि असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ समय रहते ठोस कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, एसएसपी संदीप कुमार मलिक, कपूरथला के एसएसपी गौरव टूरा, जालंधर देहात के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क, पड़ोसी राज्य के सीमावर्ती जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अलावा होशियारपुर जिले के विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।