होशियारपुर/दलजीत अजनोहा:- विधानसभा क्षेत्र चब्बेवाल में ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आवागमन की सुविधाओं में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक डॉ. इशांक कुमार ने गांव बडला में 6 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले एक महत्वपूर्ण पुल का नींव पत्थर रखा। इस पुल के निर्माण से आसपास के गांवों के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे लोगों, वाहनों और कृषि उत्पादों की आवाजाही सुगम होगी। विशेष रूप से बरसात के मौसम में लोगों को आने वाली परेशानियों से भी निजात मिलेगी।
इस अवसर पर बातचीत करते हुए डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है, क्योंकि बेहतर सड़कें और पुल गांवों के लोगों की सुविधा और आर्थिक खुशहाली में सीधा योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य इस सोच के साथ करवाए जा रहे हैं कि लोगों की लंबे समय से लंबित जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार लाया जा सके।
गांव बडला में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि यहां 4 लाख रुपये की लागत से जिम, 17 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी हॉल, 1.29 लाख रुपये की लागत से सोलर स्ट्रीट लाइटें, 13 लाख रुपये के स्ट्रीट और ड्रेनेज के कार्य तथा 4 लाख रुपये की लागत से श्मशानघाट में फर्श और शेड बनाने के कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
इसके अलावा 15 लाख रुपये की लागत से सीवरेज और 26.97 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान के विकास का कार्य जारी है। इसी तरह 3 लाख रुपये की लागत से एक अन्य खेल मैदान बनाने का कार्य लंबित है।
उन्होंने क्षेत्र में सड़क बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए बताया कि 64.39 लाख रुपये की लागत से 3.72 किलोमीटर लंबी पत्ती से बडला वाया हरमोया सड़क का निर्माण कार्य जारी है, जबकि 30 लाख रुपये की लागत से 1 किलोमीटर लंबी हार्टा बडला-बन वाली सड़क का काम पूरा किया जा चुका है। इसी तरह हरमोया से पत्ती बडला तक सड़क और इस पर 12.50 लाख रुपये की लागत से बन रही कॉजवे का काम भी तेजी से जारी है।
डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब इसका लाभ जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंचे। उन्होंने निवासियों को भरोसा दिलाया कि जारी विकास कार्यों को समय पर पूरा करवाने और सड़कों, ड्रेनेज, सार्वजनिक सुविधाओं तथा ग्रामीण संपर्क साधनों में और सुधार लाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
