ऊना, 7 नवंबर:- दीपावली का पर्व अपनों के साथ खुशियां बांटने का अवसर है। इसी भावना के साथ उपायुक्त जतिन लाल शनिवार को अपनी माता कमलेश लाल, पत्नी डॉ. रेणु सहरावत और बेटे विहान के साथ चरतगढ़ स्थित वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र ‘आश्रय पुरोधा’ पहुंचे। उन्होंने वहां बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई, उन्हें उपहार भेंट किए और त्योहार की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान उपायुक्त ने केंद्र के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय सुरेश एरी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा लगाया गया पौधा आज विशाल वृक्ष बन चुका है, जिसका लाभ समाज को मिल रहा है। सुरेश एरी ने अपना जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित किया और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

उपायुक्त ने केंद्र प्रबंधन से कहा कि यहां आने वाले हर बुजुर्ग को परिवार के सदस्य जैसा अपनापन और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने बुजुर्गों की सुख-सुविधाओं और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र में ऐसा वातावरण हो, जहां उन्हें घर जैसा एहसास हो और बेहतर देखभाल मिल सके।

इस अवसर पर केंद्र के कार्यकारी अध्यक्ष अमरीक सिंह, सचिव अश्वनी कलिआ, वित्त सचिव शम्मी जैन और विशन स्वरूप सहित अन्य उपस्थित रहे।