चंडीगढ़, 22 नवंबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों के आधार पर राज्य स्तरीय नीतियों में आवश्यक बदलाव करने का फैसला लिया गया है, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। वह रविवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की मासिक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों की शिकायतों का समाधान करने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सिरसा में जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि दो शिकायतों को अगली बैठक तक लंबित रखा गया।
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में लापरवाही और अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए बताया कि लंबित कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उससे हुए नुकसान की भरपाई करवाने और उसे ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मामले में मिलीभगत और लापरवाही पाए जाने पर एक एक्सईएन, एक जेई और एक एमई को निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं, जबकि डीएमसी का एक महीने का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नशा मुक्ति अभियान के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नशे से बचाने और नशा तस्करों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में हर महीने नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नशे से संबंधित गुप्त शिकायतों के लिए मानस पोर्टल शुरू किया गया है। इसके साथ ही नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संकल्प सोसाइटी और विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री स्वयं इस सोसाइटी के अध्यक्ष हैं, जबकि पूर्व डीजीपी ओ.पी. सिंह को इसका सीईओ नियुक्त किया गया है। इस अभियान में एसएचओ, सरपंच, ग्राम सचिव, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) और केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित 90 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया को हिरासत में लिए जाने संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने ऐसी खबरों का खंडन करते हुए इसे ड्रामा करार दिया। उन्होंने कहा कि विधायक को न तो गिरफ्तार किया गया है और न ही हिरासत में लिया गया है। सिरसा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए जारी बजट का विवरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि विधायक की मांग पर वर्ष 2024-25 में 94 लाख 92 हजार रुपये, वर्ष 2025-26 में 35 कार्यों के लिए 201 लाख रुपये और वर्ष 2026-27 में 28 कार्यों के लिए एक करोड़ 65 लाख रुपये की राशि दी गई। पिछले तीन वर्षों के दौरान 67 विकास कार्यों के लिए कुल 4 करोड़ 7 लाख 90 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
सरकारी भर्तियों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के लगभग 5600 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अन्य विभागों की भर्तियों के लिए भी जल्द ही इंटरव्यू शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिसंबर के अंत तक इन भर्तियों के परिणाम जारी करने का लक्ष्य है। इसके बाद राज्य में नई भर्तियों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसरों के बारे में पहले से जानकारी मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री शहरी स्वामित्व योजना-2.0 के संबंध में उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से अधिक समय से दुकानों पर काबिज पात्र दुकानदारों को मालिकाना हक देने के लिए योजना का पोर्टल एक महीने के लिए फिर से खोला जाएगा। इससे वे पात्र व्यक्ति भी योजना का लाभ ले सकेंगे, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। किसानों की ओर से नहरी पानी की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बुवाई के मौसम को ध्यान में रखते हुए किसानों की दो सप्ताह तक नहरी पानी उपलब्ध करवाने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में स्वयं सहायता समूह अच्छा काम कर रहे हैं और सरकार भी उनकी मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को हर काम में अटकलें लगाने के बजाय अच्छे कार्यों को भी देखना चाहिए। स्वच्छता के क्षेत्र में बहुत अच्छा काम किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की नीयत में खोट था, इसी कारण पंजाब पिछड़ता गया। उन्होंने कहा कि पंजाब में आगामी चुनावों में भाजपा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाकर फिर से खुशहाल पंजाब बनाने की दिशा में काम करेगी।
इस अवसर पर डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल, पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक रामचंद कंबोज, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा और मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा मौजूद रहे।
