करनाल (प्रवीण वालिया):- करनाल इंटरनेशनल स्कूल, कुंजपुरा में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के एनडीए कैडेट्स के लिए क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अल्फा एवं ब्रावो स्क्वाड्रन के कैडेट्स ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भावी सैन्य अधिकारियों में शारीरिक दक्षता, सहनशक्ति, अनुशासन, दृढ़ संकल्प एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना था।

प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन कर्नल अरुण दत्ता एवं निदेशक श्री प्रकाश जोशी ने विद्यालय के खेल मैदान से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थी खेल मैदान में उपस्थित रहे और उन्होंने तालियों एवं उत्साहवर्धक नारों के साथ प्रतिभागी कैडेट्स का मनोबल बढ़ाया।

दौड़ विद्यालय के खेल मैदान से प्रारंभ होकर गांव सुबरी, राष्ट्रीय राजमार्ग-44 एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-248बीबी से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। कैडेट्स ने लगभग 8 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी तय की। इस दौरान प्रतिभागियों की शारीरिक सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास एवं कठिन परिस्थितियों में लक्ष्य प्राप्त करने की क्षमता की परीक्षा हुई।

कड़े मुकाबले में कक्षा 11वीं के ब्रावो स्क्वाड्रन के अंश नरवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, कक्षा 11वीं के अर्जुन सिंह ने रजत पदक तथा कक्षा 12वीं के अंश यादव ने कांस्य पदक प्राप्त किया। विशेष बात यह रही कि तीनों पदक विजेता ब्रावो स्क्वाड्रन के रहे, जिन्होंने प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा।

विद्यालय के चेयरमैन कर्नल अरुण दत्ता ने विजेता कैडेट्स को क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ब्रावो स्क्वाड्रन को विजेता ट्रॉफी से भी नवाजा गया।

इस अवसर पर कैडेट्स को संबोधित करते हुए कर्नल अरुण दत्ता ने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाओं में सफल अधिकारी बनने के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ अनुशासन, मानसिक मजबूती, साहस, नेतृत्व क्षमता एवं दृढ़ संकल्प का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कैडेट्स को नियमित शारीरिक अभ्यास करने, कठिन परिस्थितियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के निदेशक श्री प्रकाश जोशी ने सभी प्रतिभागी कैडेट्स के उत्साह, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि करनाल इंटरनेशनल स्कूल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन, सहनशक्ति, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को और अधिक मजबूत किया। यह प्रतियोगिता करनाल इंटरनेशनल स्कूल की भावी सैन्य अधिकारियों को तैयार करने की प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण रही।