संगरूर, 4 अक्तूबर:- गांव ईना बाजवा में करवाए गए क्रिकेट टूर्नामेंट में विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी और पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने विशेष रूप से शिरकत करते हुए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और खेलों को अपने जीवन का अहम हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास पैदा करने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि गांवों में ऐसे खेल टूर्नामेंट करवाना सराहनीय प्रयास है, जिससे युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए अच्छा मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि पंजाब के गांवों में खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि राज्य में खेलों को लेकर एक नई लहर पैदा हो रही है।

उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने, मेहनत और अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर टूर्नामेंट के आयोजकों और गांववासियों की ओर से विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी और चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों का स्वागत किया गया।