अंबाला, 12 नवंबर (आर. सिंह):-कांग्रेस पार्टी के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत शुक्रवार, 13 नवंबर को अंबाला के सौंटी गांव में एक विशाल चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना तथा नागरिकों में उनके मतदान अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। यह कार्यक्रम सुबह 9 बजे शुरू होगा। अंबाला शहर के विधायक चौधरी निर्मल सिंह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे, जबकि हरियाणा युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं चौपाल अभियान के सुपरवाइजर दिव्यांशु बुधिराजा, एकेयू सुपरवाइजर एवं पूर्व विधायक रवि जोशी तथा ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष राकेश मेहला विशेष अतिथि होंगे। कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें भाग लेंगे।

जानकारी देते हुए राकेश मेहला ने बताया कि चौपाल के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करने, मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों, मतदाता सूचियों में पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया में जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य लोगों को उनके वोट के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में जागरूक करना है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इस अभियान को हर गांव तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मतदान अधिकारों के प्रति जागरूक हों। मेहला ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक नागरिक और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया आवश्यक हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सौंटी गांव में यह चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी सम्मानित नागरिकों, युवाओं, बुजुर्गों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे शुक्रवार सुबह 9 बजे सौंटी गांव पहुंचें, कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लें, अपनी आवाज बुलंद करें और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का समर्थन करें।