अंबाला, 19 नवंबर (आर. सिंह):- सीएम फ्लाइंग स्क्वाड ने आज अंबाला शहर की अनाज मंडी में अचानक छापेमारी कर धान खरीद से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। टीम ने मार्केट कमेटी के कंप्यूटर रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिए हैं। अब इन रिकॉर्ड का विश्लेषण किया जाएगा। जांच के दौरान यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सीएम फ्लाइंग स्क्वाड की टीम में प्रभारी हितेंद्र गौतम, सब-इंस्पेक्टर परविंदर कुमार, एएसआई जनक राज, एएसआई सुखविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार और प्रवेश कुमार शामिल थे।

टीम ने मंडी में धान खरीद रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी जुटाई और कंप्यूटर डेटा अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी अनियमितता या विसंगति का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। इसके लिए मार्केट कमेटी से आवश्यक दस्तावेज और ऑनलाइन रिकॉर्ड एकत्र करके उनका मिलान किया जाएगा। जांच मुख्य रूप से आवक और जावक गेट पास पर केंद्रित होगी। इसमें जांच की जाएगी कि मंडी में कितना धान आया, उसे कौन-सा किसान या व्यक्ति लेकर आया और किस वाहन से उसका परिवहन किया गया। यह भी पता लगाया जाएगा कि धान किस चावल मिल में पहुंचाया गया। वाहनों के नंबरों का ऑनलाइन रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा, ताकि फर्जी वाहन प्रविष्टियों या नकली नंबर प्लेटों के इस्तेमाल का पता लगाया जा सके।

प्रभारी हितेंद्र गौतम ने बताया कि पहले भी इस तरह के मामले सामने आए हैं, जिनमें ट्रकों के नाम पर पंजीकृत वाहन नंबर ऑनलाइन जांच के दौरान मोटरसाइकिलों के पाए गए थे। ऐसी अनियमितताओं को रोकने के लिए इस बार गेट पास और वाहनों के रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही अनियमितताओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि खरीद प्रक्रिया में धोखाधड़ी या अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि दिवाली के दौरान मिठाई की दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए थे। यह अभियान जारी रहेगा।