नवांशहर (देस राज बाली):- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों तथा पंजाब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, एस.ए.एस. नगर के माननीय सदस्य सचिव से प्राप्त निर्देशों के अनुसार और जिला एवं सत्र न्यायाधीश, शहीद भगत सिंह नगर श्री जतिंदर पाल सिंह खुरमी के दिशा-निर्देशों के तहत सीजेएम-कम-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. अमनदीप ने लीड बैंक मैनेजर तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारियों (डीसीओ) के साथ जिले में 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में बैठक की।
इस बैठक के दौरान डॉ. अमनदीप ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा पंजाब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, एस.ए.एस. नगर के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जाएगी, जिसमें अदालतों में लंबित तथा मुकदमेबाजी से पूर्व के चरण में पहुंचे समझौता योग्य मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया जाएगा।
इस संबंध में बैठक में उपस्थित लीड बैंक मैनेजर, शहीद भगत सिंह नगर तथा बैंक अधिकारियों (डीसीओ) से कहा गया कि बैंकों से संबंधित अधिक से अधिक लंबित मामले इस लोक अदालत में प्रस्तुत किए जाएं, ताकि उनका आपसी सहमति से शीघ्र और उचित निपटारा किया जा सके। इसके साथ ही आम लोगों को लोक अदालत के बारे में अधिक से अधिक जागरूक करने के लिए भी कहा गया।
