डेराबस्सी/लालड़ू, 5 नवंबर:- डेराबस्सी हलके के गांवों में खेल सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए हलका विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने आज हलके के छह गांवों में 1 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए मुख्यमंत्री खेल स्टेडियमों का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल और क्रिकेट की खेल किटें भी वितरित की गईं।

विधायक रंधावा ने बताया कि गांव बोहड़ा में 32 लाख रुपये, राजोमाजरा में 30 लाख रुपये, मीरपुरा में 5 लाख रुपये, मियांपुर में 32 लाख रुपये, समगौली में 22 लाख रुपये और सुंदरां में 30 लाख रुपये की लागत से ये खेल स्टेडियम तैयार किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इन खेल मैदानों में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए शौचालय, चेन-लिंक फेंसिंग, बोरवेल, हाइड्रेंट और स्प्रिंकलर सिस्टम, बैठने के लिए बेंच, हाई मास्ट लाइटें और बोलार्ड लाइटों सहित विभिन्न आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके साथ ही युवाओं को फुटबॉल, वॉलीबॉल और क्रिकेट की खेल किटें दी गईं, ताकि वे इन खेलों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले सकें और अपनी प्रतिभा को निखार सकें।

इस अवसर पर विधायक रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के युवाओं को खेलों से जोड़ने, उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने और नशों से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गांवों में आधुनिक खेल स्टेडियमों का निर्माण और खेल किटों का वितरण इसी दिशा में अहम कदम हैं।

उन्होंने कहा कि खेल मैदान युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी बेहतर खेल सुविधाएं उनके अपने गांवों में ही उपलब्ध हों, ताकि वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।

विधायक रंधावा ने कहा कि डेराबस्सी हलके का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। हलके के गांवों और शहरों में लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी विकास की यह गति जारी रहेगी।

उन्होंने गांववासियों और युवाओं से अपील की कि वे इन खेल स्टेडियमों और उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा इनके रखरखाव में भी अपना योगदान दें।

इस अवसर पर संबंधित गांवों के पंच-सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य, ब्लॉक प्रधान, पंचायत विभाग के अधिकारी, गांववासी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।