चंडीगढ़, 7 नवंबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी के साथ शनिवार को हरियाणा लोक भवन में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष से शिष्टाचार मुलाकात की तथा उन्हें दिवाली के पावन त्योहार की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि दिवाली का त्योहार भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। यह त्योहार हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, असत्य से सत्य की ओर और निराशा से आशा की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। दिवाली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का त्योहार ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का अवसर भी है।
