अंबाला, 12 नवंबर (आर. सिंह):-छठ पर्व के लिए अपने घरों को लौट रहे यात्रियों की भारी भीड़ ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया है। बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली प्रमुख रेलगाड़ियों जनसेवा और अमरपाली एक्सप्रेस में स्थिति विशेष रूप से गंभीर बनी हुई है। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचती है, यात्री डिब्बों में चढ़ने के लिए एक-दूसरे को धक्का देते हैं। जनरल डिब्बों में बेहद कम जगह होने के कारण सैकड़ों यात्री दरवाजों पर लटककर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। भीड़ का दबाव इतना अधिक हो गया है कि अनारक्षित टिकट वाले यात्री जबरन आरक्षित और स्लीपर कोचों के साथ-साथ एसी कोचों में भी प्रवेश कर रहे हैं। इसके कारण कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को भारी असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे की ओर से बेहतर इंतजामों के दावों के बावजूद भीड़ को नियंत्रित करने के उपाय नाकाफी साबित हो रहे हैं।
जिन यात्रियों ने त्योहार पर घर पहुंचने की उम्मीद में महीनों पहले कन्फर्म टिकट बुक करवाए थे, वे बेकाबू भीड़ के कारण अपनी आरक्षित सीटों तक नहीं पहुंच सके। परिवार और बच्चों के साथ आए ऐसे यात्रियों ने ट्रेन में चढ़ने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन सामान्य टिकट वाले यात्रियों ने उन्हें डिब्बों में चढ़ने ही नहीं दिया। ऐसे यात्री निराश होकर अंबाला कैंट बस अड्डे पहुंचे और ट्रेन से यात्रा करने की उम्मीद छोड़कर दोगुना किराया देकर बिहार जाने वाली बसों में बैठ गए।
