चंडीगढ़, 22 नवंबर:- हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नागरिक उनके लिए केवल मतदाता नहीं, बल्कि उनके परिवार का हिस्सा हैं। जनता द्वारा दिए गए आशीर्वाद और विश्वास का सम्मान करते हुए वह क्षेत्र के विकास और नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन किया और विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास किए।

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कॉलोनियों की शेष सड़कों और नालियों सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 160 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है। आने वाले छह महीनों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।

विपुल गोयल ने युवाओं के रोजगार और शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक परिवार के दो सदस्यों को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास करने का संकल्प लिया।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार की महिलाओं के लिए योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सरकार ने महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक सहायता देने के वादे को पूरा करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।

विपुल गोयल ने नागरिकों से आयुष्मान भारत सहित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए डिस्पेंसरी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंदों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।