लहरागागा (संगरूर), 18 नवंबर:- पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज लहरा विधानसभा क्षेत्र के गांव रोड़़ेवाला, जलूर और रायधराना में ‘मेरा घर मेरे नाम’ अभियान के तहत 1,358 लाभार्थी परिवारों को उनके घरों के प्रॉपर्टी कार्ड सौंपे। गांव रायधराना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लाल लकीर के भीतर रहने वाले परिवारों को उनके घरों के मालिकाना हक का दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध करवा रही है।
लाभार्थियों को बधाई देते हुए श्री गोयल ने कहा कि कई परिवार दशकों से अपने घरों में रह रहे थे, लेकिन मालिकाना हक के दस्तावेज न होने के कारण उन्हें संपत्ति से जुड़े कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी कार्ड मिलने से परिवारों को अपने संपत्ति अधिकारों का स्पष्ट दस्तावेज मिल गया है। इससे संपत्ति हस्तांतरित करने और जरूरत पड़ने पर बैंक ऋण के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया भी आसान होगी।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में प्रॉपर्टी कार्ड बांटने का काम लगातार जारी है। अब तक लगभग 12 से 15 गांवों के लाभार्थियों को कार्ड दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगले चरण में 18 और गांवों के तैयार प्रॉपर्टी कार्ड लाभार्थियों को सौंपे जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष पात्र परिवारों से संबंधित प्रक्रिया भी सुचारू रूप से पूरी की जाए।
विकास कार्यों को लेकर विपक्षी दलों की आलोचना संबंधी सवाल के जवाब में श्री गोयल ने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे काम लोगों के सामने हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में खेल स्टेडियमों के उद्घाटन के अवसर पर भी विपक्ष के कुछ नेता कमियां ढूंढ़ने के प्रयास में वीडियो बना रहे थे। उन्होंने कहा, “हम काम करने आए थे, हमने काम किया है, कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।” उन्होंने कहा कि जनकल्याण और विकास कार्यों को जारी रखना सरकार की प्राथमिकता है।
शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच संभावित गठबंधन के बारे में पूछे गए सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि दोनों पार्टियों के नेताओं के बयान आपस में मेल नहीं खाते। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता एक ओर सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर गठबंधन को लेकर चर्चा जारी है। अन्य राजनीतिक समूहों के संभावित समझौतों के बारे में उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं के बीच हुआ समझौता पंजाब के लोगों की राय का विकल्प नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि लोग बातों के आधार पर नहीं, बल्कि काम के आधार पर वोट देंगे। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने कार्यकाल में इतना काम किया है, जितना पिछली सरकारों ने 70–75 वर्षों में नहीं किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और तीनों गांवों के बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित थे।
