खरड़, 22 नवंबर:- पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा करवाने की सुविधा दी जा रही है। इसी कड़ी में आज खरड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव बडाली से हरिद्वार और ऋषिकेश की पवित्र तीर्थयात्रा पर जाने वाली बस को पंजाब युवा विकास बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर गोल्डी ने तीर्थयात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का मुख्य उद्देश्य लोगों की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए उन्हें पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करना है। इस योजना के माध्यम से लोग बिना किसी यात्रा खर्च के तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकते हैं। इस पहल से आर्थिक कारणों से तीर्थयात्रा करने में असमर्थ लोगों को भी धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों की धार्मिक भावनाओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे प्रयास कर रही है, ताकि हर वर्ग के लोग इनका लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर ब्लॉक समिति के चेयरमैन रघवीर सिंह, पूर्व एमसी जसवीर सिंह, जुझार सिंह, जसवंत सिंह पप्पा, जसवीर राजा बडाला, हरभजन सिंह बडाली और बिंदर बडाली सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।