रतिया, 15 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- हैप्पी मॉडल हाई स्कूल, रतिया में प्रसिद्ध साहित्यकार स्वर्गीय अमीरचंद बजाज द्वारा लिखित पुस्तक ‘बाप मेरी दृष्टि में’ के विमोचन एवं साहित्यिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। पुस्तक का संपादन डॉ. वरुण बजाज ने किया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार एवं आलोचक डॉ. नैब सिंह मंडेर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर सुमित्रा सांगवान ने शिरकत की।

कार्यक्रम के अध्यक्ष मंडल में माता कांता बजाज, साहित्यकार सुशील कुमार आजाद, अनिल भारती, डॉ. ओमप्रकाश मोंगा, सरपंच प्यारे लाल चोपड़ा तथा पुस्तक संपादक डॉ. वरुण बजाज शामिल रहे।

कार्यक्रम के आरंभ में डॉ. वरुण बजाज ने सभी अतिथियों एवं साहित्यकारों का स्वागत करते हुए स्वर्गीय अमीरचंद बजाज के साहित्यिक व्यक्तित्व, उनकी लेखन यात्रा तथा प्रकाशित पुस्तकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अमीरचंद बजाज का साहित्य समाज के विभिन्न पहलुओं, मानवीय संवेदनाओं और जीवन के अनुभवों का जीवंत दस्तावेज है।

इस अवसर पर डॉ. बीरबल सिंह, अनिल कुमार भारती, रामगोपाल बलाना, डॉ. हरपाल ग्रोवर, अवधेश शास्त्री तथा डॉ. अनिल कुमार ने ‘बाप मेरी दृष्टि में’ पुस्तक पर अपने शोधपत्र, आलेख एवं विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने पुस्तक की विषयवस्तु, साहित्यिक महत्त्व और इसके माध्यम से विभिन्न व्यक्तित्वों के प्रति व्यक्त विचारों की सराहना की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. नैब सिंह मंडेर ने कहा कि स्वर्गीय अमीरचंद बजाज बहुआयामी साहित्यिक प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी चार भाषाओं में साहित्य सृजन करके अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनकी सौ से अधिक साहित्यिक कृतियों में कविता, गजल, रुबाई, गद्य, लघुकथा और मिनी कहानी जैसी विविध विधाएं शामिल हैं। उनकी रचनाओं का मूल सरोकार सामाजिक चेतना, आर्थिक भ्रष्टाचार, आमजन के दुख-दर्द, मानवीय संवेदनाओं और पारिवारिक रिश्तों से जुड़ा रहा।

डॉ. मंडेर ने कहा कि देश की आजादी से लगभग डेढ़ माह पूर्व जन्मे अमीरचंद बजाज के परिवार ने विभाजन के समय विस्थापन का दर्द सहा था। जीवन के संघर्षों और अनुभवों ने उनके साहित्य को गहरी संवेदनशीलता प्रदान की। उन्होंने रतिया क्षेत्र में लगातार 43 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देकर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में योगदान दिया। उनका व्यक्तित्व शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सरोकारों का सुंदर समन्वय था।

उन्होंने कहा कि अमीरचंद बजाज की पूर्व प्रकाशित पुस्तकों ‘चंद कदम अभी और’ तथा ‘पागल कौन नहीं’ के बाद अब ‘बाप मेरी दृष्टि में’ का प्रकाशन और विमोचन उनके साहित्यिक अवदान को समझने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। ऐसी पुस्तकें किसी साहित्यकार के विचारों, अनुभवों और व्यक्तित्व को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सार्थक माध्यम बनती हैं।

मुख्य अतिथि प्रोफेसर सुमित्रा सांगवान ने अपने संबोधन में पुस्तक के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी साहित्यकार के विचारों और दृष्टिकोण को पुस्तक के रूप में संकलित करना उनके साहित्यिक व्यक्तित्व को समझने का महत्त्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने इस आयोजन को साहित्यिक स्मृतियों को संजोने तथा नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने वाला सराहनीय प्रयास बताया।

इस अवसर पर अध्यक्ष मंडल के सदस्यों एवं अतिथियों द्वारा पुस्तक ‘बाप मेरी दृष्टि में’ का विधिवत विमोचन किया गया। विद्यालय की प्राचार्या सुबीना बजाज ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वर्गीय अमीरचंद बजाज की साहित्यिक रचना प्रक्रिया और उनके बहुआयामी व्यक्तित्व पर भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का मंच संचालन एवं आयोजन की भूमिका प्रोफेसर सर्वजीत सिंह ने प्रभावशाली ढंग से निभाई।

इस अवसर पर स्कूल की सरस्वती एजुकेशनल सोसाइटी के प्रधान सतीश सरदाना, सचिव अमित कुमार, फतेह चंद सरदाना, सीए गुलशन सरदाना, डॉ. सीमा रानी, प्रो. सरबजीत कौर, प्रो. पूनम कौर सोनी, विपिन चावला, बलदेव बरेटा, अवतार शर्मा, आदित्य शर्मा, प्रोफेसर कृष्ण लाल, प्रोफेसर सुरिंदर सभरवाल, हैप्पी सिंह सेठी सहित अनेक साहित्यप्रेमी, गणमान्य व्यक्ति तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।