नवांशहर, 15 नवंबर (जतिंदर पाल सिंह क्लेर):- पंजाब पीसीएस परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में कथित घोटाले, अनियमितताओं और धांधली के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा, जिला शहीद भगत सिंह नगर की ओर से चंडीगढ़ चौक, नवांशहर में पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व युवा मोर्चा के जिला प्रधान पंकज कुमार ने किया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए पंकज कुमार ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के शासन में पीसीएस जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की भर्ती प्रक्रिया पर कथित घोटाले और अनियमितताओं के आरोप लगना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि पंजाब के हजारों युवा वर्षों तक दिन-रात मेहनत करके ऐसी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन यदि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर ही सवाल उठने लगें तो यह युवाओं के भविष्य से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल रोजगार देने के वादे करने तक सीमित न रहे, बल्कि भर्ती प्रक्रिया को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पूरा करवाने की जिम्मेदारी भी निभाए। पीसीएस भर्ती प्रक्रिया में सामने आ रहे कथित घोटाले के आरोपों पर पंजाब सरकार को जवाबदेह होना चाहिए और पंजाब के युवाओं को सच्चाई से अवगत करवाना चाहिए।
पंकज कुमार ने मांग की कि पीसीएस परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में हुई कथित धांधलियों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच सीबीआई से करवाई जाए। जांच के दौरान यदि कोई अधिकारी या व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं की मेहनत, अधिकारों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा युवा मोर्चा युवाओं के अधिकारों की आवाज बनकर इस मुद्दे को लगातार उठाता रहेगा और जब तक मामले की सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।
इस अवसर पर जतिंदर सिंह सैनी, निर्मल राजपूत (जिला महासचिव), सुशांत राणा (जिला उपाध्यक्ष), चांद चपरौतरा (जिला सचिव), कुलविंदर सिंह, प्रदीप धवन (जिला सचिव), जस्सी महालों और समीर अंगरोवर सहित युवा मोर्चा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
