हरोली/ऊना, 20 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- जिला ऊना की तहसील हरोली के गांव बीटन निवासी दीपक बीटन ने हिमाचल प्रदेश वित्त एवं लेखा सेवा (HPFAS) में सेक्शन ऑफिसर के पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आज घोषित परीक्षा परिणाम में उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
दीपक बीटन एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता चरणजीत किसान हैं। दीपक ने 12वीं तक की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, ऊना से प्राप्त की तथा इसके बाद बी.कॉम. की पढ़ाई पूरी की।
दीपक इससे पहले हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर सेवाएं दे रहे थे और उनकी ड्यूटी जिला किन्नौर में थी। पुलिस विभाग में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ उन्होंने अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत और लगन जारी रखी। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और आज उनका चयन HPFAS में सेक्शन ऑफिसर के प्रतिष्ठित पद पर हुआ।
दीपक ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों, बड़ों के आशीर्वाद और अपनी मेहनत को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से अपने पिता चरणजीत बाबा, ताया जी हरि बाबा, ओम प्रकाश बाबा, जोग राज बाबा, हुसन बाबा एवं राम पाल बाबा का आभार व्यक्त किया है, जिनके आशीर्वाद और सहयोग से उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
दीपक की इस उपलब्धि पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता विशेष रूप से ग्रामीण परिवेश और किसान परिवारों से आने वाले युवाओं के लिए प्रेरणादायक है कि मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
