हरोली/ऊना, 7 अक्तूबर (राजवीर चोपड़ा):- स्वास्थ्य खंड हरोली एवं सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के संयुक्त तत्वावधान में गांव कुंगड़त में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को उनके गांव में ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। इस दौरान चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया।
शिविर में डॉ. विकास कौंडल एवं डॉ. प्रदीप कुमार ने करीब 80 लोगों की स्वास्थ्य जांच की। मरीजों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए तथा चिकित्सकों द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित परामर्श दिया गया। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गईं।
इस दौरान चिकित्सकों ने ग्रामीणों को ब्लड प्रेशर (BP), शुगर एवं मौसमी बीमारियों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया। लोगों को बताया गया कि नियमित स्वास्थ्य जांच से BP और शुगर जैसी समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सकती है। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई रखने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने और बदलते मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई।
चिकित्सकों ने ग्रामीणों से नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करवाने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने का आग्रह किया। शिविर में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त करने के साथ उपलब्ध करवाई गई चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य खंड हरोली एवं सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम का आभार व्यक्त किया।
