घरौंडा, 21 नवंबर (प्रवीण वालिया):- हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष एवं घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण ने शनिवार को घरौंडा निवासी आयुषी ठकराल के निवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयुषी ने भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना पूरे हरियाणा और घरौंडा क्षेत्र के निवासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आयुषी ठकराल की शारीरिक दिव्यांगता भी उनकी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकी और उनकी मेहनत रंग लाई है। उन्होंने कहा कि आयुषी केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि लाखों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ना उनके अनुशासन, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आयुषी स्वयं इस बात का जीवंत उदाहरण हैं कि यदि बेटियों को परिवार का सहयोग और समाज का प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं।
हरविंद्र कल्याण ने आयुषी की खेल उपलब्धियों, प्रतिभा और प्रेरणादायक व्यक्तित्व को देखते हुए उन्हें घरौंडा क्षेत्र के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल आयुषी की खेल उपलब्धियों का ही नहीं, बल्कि उस विचारधारा का भी सम्मान है जो बेटियों को समान अवसर, शिक्षा और आगे बढ़ने का अधिकार देती है।
इस अवसर पर उन्होंने आयुषी के पिता अनिल ठकराल, माता मुस्कान ठकराल, बहन अंशिका और पूरे परिवार को आयुषी की उपलब्धि पर बधाई दी।
आयुषी के कोच रविंद्र संधू ने बताया कि आयुषी 85 प्रतिशत तक दिव्यांग हैं, लेकिन उनके खेल प्रदर्शन में कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि 12 से 15 नवंबर तक भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप में आयुषी ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक, 50 मीटर फ्रीस्टाइल और 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धाओं में पदक हासिल किए। इस अवसर पर आयुषी के परिवार के सदस्यों के अलावा कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
