खरड़, 16 अक्टूबर:- पंजाब सरकार के ‘हर शुक्रवार, डेंगू पर वार’ अभियान के तहत स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रीत मोहन सिंह खुराना और जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अनामिका के दिशा-निर्देशों के तहत गांव बत्ता के सरकारी हाई स्कूल और सरकारी प्राथमिक स्कूल में विशेष जागरूकता शिविर लगाया गया।
शिविर के दौरान स्कूली बच्चों और शिक्षकों को डेंगू फैलाने वाले मच्छर की पहचान, उसके पनपने के कारणों और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने मच्छरों के लार्वा को समय रहते नष्ट करने के उद्देश्य से स्कूल के आसपास के क्षेत्र और कंटेनरों का सर्वेक्षण भी किया।
इस अवसर पर हेल्थ सुपरवाइजर दविंदर सिंह, हेल्थ वर्कर मनप्रीत सिंह, ब्रीडिंग चेकर्स और स्कूल का समूचा स्टाफ भी विशेष रूप से उपस्थित रहा।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रीत मोहन सिंह खुराना ने कहा कि डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका इसकी रोकथाम है और हमें अपने आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने अपील की कि हर सप्ताह घरों और स्कूलों में कूलरों, गमलों तथा अन्य बर्तनों को साफ करके सुखाया जाए, ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।
