ऊना, 23 नवंबर:- माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में अपनी प्रतिभा दिखाने के इच्छुक कलाकारों के लिए 26 व 27 नवंबर को महाराणा प्रताप कॉलेज, अंब में ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक कलाकार एसडीएम कार्यालय अंब में अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑडिशन के दोनों दिन भी मौके पर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि नामी कलाकारों तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों एवं पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव का आयोजन दिसंबर के प्रथम सप्ताह में 4 से 6 दिसंबर तक प्रस्तावित है। महोत्सव का शुभारंभ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जो अंब मेला मैदान तक पहुंचेगी।

एसडीएम ने बताया कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं एवं लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि आयोजन के दौरान किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि महोत्सव को आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

वहीं, उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव को बेहतर और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय लोगों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने कहा कि महोत्सव की सफलता सामूहिक सहभागिता और सभी के सहयोग पर निर्भर करती है। इसके लिए संबंधित विभागों, स्थानीय लोगों और आयोजन से जुड़े सभी पक्षों की भागीदारी महत्वपूर्ण रहेगी।