होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- लुधियाना में आयोजित 27वें पंजाब स्टेट स्पेशल ओलंपिक गेम्स में आत्मसुख आत्मदेव आश्रम (फॉर लिविंग गॉड्स), पुरानी कनक मंडी, होशियारपुर के विशेष खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 9 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर होशियारपुर का नाम रोशन किया।

स्पेशल ओलंपिक्स भारत-पंजाब द्वारा 13 से 15 नवंबर 2026 तक गुरु नानक देव पब्लिक स्कूल, सराभा नगर, लुधियाना में आयोजित इन खेलों का उद्घाटन स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा की धर्मपत्नी डॉ. मल्लिका नड्डा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पंजाब के 59 स्कूलों के लगभग 500 विशेष खिलाड़ियों ने भाग लिया। आत्मसुख आत्मदेव आश्रम के 12 खिलाड़ियों में से 8 ने एथलेटिक्स तथा 4 ने टीम खेलों में हिस्सा लिया। आश्रम के खिलाड़ियों ने 16 प्रतिस्पर्धात्मक पदकों के अतिरिक्त एक पांचवां स्थान तथा 3 प्रतिभागिता पदक भी हासिल किए।

मनी सैनी ने 25 मीटर पैदल चाल और सॉफ्टबॉल थ्रो में एक-एक स्वर्ण पदक जीता, जबकि समीर प्रसाद ने सॉफ्टबॉल थ्रो में स्वर्ण तथा 50 मीटर सहायक पैदल चाल में रजत पदक हासिल किया। विकास ताखी ने 25 मीटर दौड़ और सॉफ्टबॉल थ्रो तथा हरजोत ने 200 मीटर दौड़ और गोला फेंक में एक-एक रजत पदक जीता।

सागर ने 200 मीटर दौड़ में रजत और गोला फेंक में कांस्य पदक हासिल किया। भव्या ने 25 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा सॉफ्टबॉल थ्रो में पांचवां स्थान प्राप्त किया। बोच्चे (Bocce) खेल में अदिति और अमनदीप कौर ने रजत, जबकि पारस और विवेक ने कांस्य पदक जीते। मितुल ने सॉफ्टबॉल थ्रो में कांस्य तथा 25 मीटर पैदल चाल में प्रतिभागिता पदक हासिल किया। मुस्कान ने 25 मीटर दौड़ और मिनी भाला फेंक में प्रतिभागिता पदक प्राप्त किए।

पंजाब स्टेट स्पेशल ओलंपिक्स कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनकी खेल प्रतिभा की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 से टेक चंद सूद चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित आत्मसुख आत्मदेव आश्रम बौद्धिक दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, देखभाल एवं सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह निःशुल्क सेवाएं प्रदान कर रहा है। वर्तमान में आश्रम में 75 विशेष बच्चों को वातानुकूलित कक्षाओं, प्रशिक्षित शिक्षकों, निःशुल्क परिवहन, योग, फिजियोथेरेपी, खेलकूद एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। आश्रम द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर विशेष बच्चों के परिवारों को मासिक वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है।

आश्रम के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। आश्रम के सागर ने पेरिस में आयोजित यूनिफाइड फुटबॉल विश्व कप-2026 में रजत पदक जीता, जबकि अमनदीप कौर ने बेल्जियम एवं नीदरलैंड में आयोजित एफआईएच पैरा हॉकी विश्व कप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

आश्रम के अध्यक्ष नवदीप सूद ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं स्टाफ सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विशेष बच्चों की प्रतिभा, दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और प्रशिक्षकों के अथक प्रयासों का परिणाम है।

प्रदेश के लगभग 500 खिलाड़ियों के बीच आत्मसुख आत्मदेव आश्रम के मात्र 12 खिलाड़ियों द्वारा 16 प्रतिस्पर्धात्मक पदक जीतना आश्रम की उल्लेखनीय उपलब्धि है। इन विशेष खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर समूचे होशियारपुर को गौरवान्वित किया है।