चंडीगढ़, 17 नवंबर:- असम राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के उपाध्यक्ष श्री सिमंता दास और निदेशक मंडल के सदस्यों ने आज हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के मुख्यालय का दौरा किया।
इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री बलदेव सिंह ग्रोहा, प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना दिसोदिया तथा निगम के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस दौरान दोनों निगमों के प्रतिनिधियों के बीच अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र लाभार्थियों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से चलाई जा रही विभिन्न ऋण योजनाओं के संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में स्वरोजगार, उद्यमिता विकास और नए व्यवसाय स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के विभिन्न उपायों पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा, ऋण वितरण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने, योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा वितरित किए गए ऋणों की समयबद्ध और प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के लिए अपनाई जा सकने वाली रणनीतियों पर भी दोनों पक्षों ने अपने अनुभव साझा किए।
दोनों निगमों के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे की योजनाओं, कार्यप्रणाली और सफल पहलों से सीखते हुए अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में आपसी सहयोग और समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
