अंबाला, 11 नवंबर (आर. सिंह):- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार एएसडी एंड डी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट) श्रेणी में चिह्नित ऐसे मतदाताओं को, जिनके नाम गणना प्रपत्र प्राप्त न होने के कारण प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके थे, अंतिम मतदाता सूची में अपने नाम शामिल कराने का एक और अवसर दिया गया है। इस पहल के तहत संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर यह कार्य पूरा कर सकें। इस प्रयास में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उपायुक्त आज अपने कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 6 नवंबर को जारी निर्देशों के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत एक और अवसर प्रदान किया गया है। उन्होंने अपील की कि कोई भी पात्र मतदाता, जो किसी भी कारण से विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से बाहर रह गया है, इस अवसर का लाभ उठाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए बीएलओ को तैनात करने के साथ-साथ प्रशिक्षित भी किया गया है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने द्वारा नियुक्त बीएलओ एजेंटों को सहयोग दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सुनिश्चित करने का प्रयास होना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण से वंचित न रहे और सभी पात्र मतदाता नियमानुसार अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्य अगले 10 दिनों में आपसी समन्वय के साथ पूरा किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर, 2026 को निर्धारित है। इस अवसर पर एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम सतिंदर सिवाच, जिला निर्वाचन तहसीलदार गुलशन शर्मा, डीआईपीआरओ धर्मेंद्र कुमार और संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।