अंबाला, 29 अक्टूबर (आर. सिंह):- अंबाला शहर के सेक्टर 10 निवासी कृपाल सिंह सैनी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अंबाला नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और लापरवाही की शिकायत की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने जुलाई 2025 में एक प्लॉट को आवासीय से व्यावसायिक उपयोग में बदलने के लिए नगर निगम में फाइल जमा करवाई थी, लेकिन नवंबर 2025 तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज करवाई, जिसका कोई जवाब नहीं मिला। एक साल बाद पूछताछ करने पर उसे बताया गया कि पहले प्लॉट का उप-विभाजन करवाना होगा। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने मई 2026 में उप-विभाजन के लिए सभी दस्तावेज पूरे कर दिए, लेकिन प्रक्रिया अब भी अधूरी है और उसे रोजाना अधिकारियों तथा कर्मचारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कृपाल सिंह सैनी का आरोप है कि आज तक फाइल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही कोई आपत्ति उठाई गई है। उसे यह जानकारी भी नहीं दी गई कि फाइल किस अधिकारी के पास है। उसका दावा है कि प्लॉट के उपयोग में बदलाव और मंजूरी से नगर निगम को लाखों रुपये की फीस मिल सकती है, लेकिन अधिकारी इस बात के प्रति उदासीन हैं। शिकायतकर्ता ने अपने पत्र में लिखा है कि अंबाला नगर निगम में कथित तौर पर बिना पैसे या सिफारिश के कोई भी जनहित का काम नहीं होता। वह इस मामले में दो बार आयुक्त और तीन बार सहायक आयुक्त से मिल चुका है, लेकिन सभी प्रयास व्यर्थ रहे। उसने मुख्यमंत्री से अपील को अपना आखिरी उपाय बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
